बारिश से बढ़ी मौसमी बीमारियां, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा, 2 घंटे में 120 मरीज हुए भर्ती
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बारिश और मौसम में आ रहे बदलाव से जिला अस्पाल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इन दिनों अस्पताल में सर्दी खांसी वाले मरीजों की संख्या अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों से अधिक हो गई है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश बच्चे और बुजुर्ग मौसम के उतार चढ़ाव में बीमार हो रहे हैं। ऐसे में इन्हें दवा के साथ स्वच्छता अपनाने और इम्युनिटी बढ़ाने वाले पौष्टिक आहार का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। वही छोटी मोटी बीमारियों में दवाई देकर तत्काल इलाज किया जा रहा है परंतु गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। ऐसे में अस्पतालों में मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या में कमी देखी जा रही है। बीते सोमवार की देर रात कोरबा मेडिकल कालेज में कुछ इसी तरह की समस्या देखने को मिली।
समस्या की जानकारी मिलने पर अस्पताल अधीक्षक डाक्टर गोपाल सिंह कंवर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और उन्होंने देखा की एक्स्ट्रा बेड नही होने पर मरीजों को बड़ी परेशानी हो रही है। ऐसे में उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित कर सभी मरीजों के लिए तत्काल एक्स्ट्रा बेड उपलब्ध कराया। बताया जा रहा है की केवल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही सोमवार की सुबह 10 बजे से 12 बजे रात तक करीब 120 मरीज भर्ती हुए है। जिसमें पहाड़ी कोरवा भी शामिल है। इनमें अधिकांश सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित हैं। डॉक्टर के मुताबिक मौसम के उतार चढ़ाव से वायरस और बैक्टीरिया अपनी संख्या तेजी से बढ़ाती है। ऐसे में जिन लोगों की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कमजोर है वह आसानी से संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में खास ख्याल रखने की जरूरत है।
