हसदेव बांगों बांध में 98 प्रतिशत से अधिक बढ़ा जलस्तर, 5 गेट खोले गए, डुबान क्षेत्रों में प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
कोरबा/सीजी एनएन 23 न्यूज: कोरबा सहित आसपास के पड़ोसी जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिसके चलते बागों बांध लबालब हो गया है। शनिवार की देर रात बांध के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बांध के तीन गेट को खोल दिया है। इसके साथ लगभग 10000 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर बांगो बांध में बने हाइडल प्लांट को भी पूरे रफ्तार से संचालित किया जा रहा है। मिनीमाता बांगो बांध के 5 गेट खोले जाने के बाद पहले से ही लबालब दर्री बैराज के जलस्तर में इजाफा होने लगा है। जिससे हसदेव नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में दर्री बाराज के कई और गेट भी खोलने की संभावना है।
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हसदेव नदी के किनारे बसी बस्तियों और गांवों में प्रशासन ने मुनादी करा दी है और लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं. हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों और बस्तियों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. बैराज के गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. जान-माल की हानि न हो, इसके लिए लोगों को अलर्ट किया गया है।
दर्री बरॉज के एसडीओ शिवनारायण साय ने बताया कि रात 12 बजे के बाद 25 से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया और आज 50 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़े जाने की संभावना बनी हुई है। दर्री बरॉज के ईई एसके तिवारी ने बताया कि बांगो बांध लगभग 98 प्रतिशत भर चुका है, जिसके कारण अभी 9 से 10 हजार क्यूसेक पानी बहाया जा रहा है। इसके लिए तीन गेट खोले गए हैं जिनमें 2 गेट 50-50 सेन्टीमीटर और 1 गेट 80 सेंटीमीटर तक खोला गया है। उन्होंने बताया कि सुबह तक गेट की ऊंचाई बढ़ाकर या दूसरे गेट खोलकर वर्तमान से ज्यादा मात्रा में पानी छोड़ा जाएगा ताकि जल भराव से बांध को नुकसान न पहुंचे।
