नई दिल्ली: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में एक बड़ा हादसा हुआ है। प्रयागराज की ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की उमड़ी भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई। जिससे 18 लोगों की मौत हो गई है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे मची भगदड़ में 20 से अधिक लोगों के घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार-रविवार की छुट्टी के चलते महाकुंभ में जाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ एक-दूसरे पर चढ़ने लगी। लोकनायक अस्पताल में आपातकालीन विभाग की प्रमुख डॉ. ऋतु सक्सेना ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
रेल मंत्री ने भगदड़ की जांच के हादसे दिए हैं। रेलवे का कहना है कि प्लेटफॉर्म में कोई बदलाव नहीं किया गया। सीढ़ियों पर लोगों के फिसलने की वजह से यह हादसा हुआ। शनिवार रात करीब 9.30 बजे प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ गई थी। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 16 पर यह हादसा हुआ। मरने वालों में 9 महिलाएं और 5 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं भगदड़ में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज लेडी हार्डिंग और LNJP अस्पताल में चल रहा है। नई दिल्ली पर NDRF की टीम तैनात है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर घायल को 2.5 लाख रुपये और सामान्य घायल को 1 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान रेलवे ने किया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि एकदम से प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ गई, जिसके कारण भगदड़ जैसे हालात हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण कई यात्री दम घुटने के कारण बेहोश हो गए। प्लेटफॉर्म पर बहुत सारे लोग पहुंच गए थे। एंट्री प्वाइंट पर कोई टिकट की जांच करने वाला नहीं था। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, दिल्ली के उपराज्यपाल, दिल्ली की कार्यवाहक सीएम आतिशी समेत कई लोगों ने शोक जताया है।