कोरबी/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका निवासी एक युवक (35 वर्ष) 25 मार्च से लापता हो गया है जिसकी बाइक मोरगा चौकी के अंतर्गत अंबिकापुर-चोटिया नैशनल हाईवे-130 मार्ग पर केंद्ई के पास स्थित हसदेव नदी पुराने पुल पर लावारिस हालत में मिली है। जानकारी के मुताबिक 29 मार्च की शाम को राहगीरों ने जब पुल के ऊपर नीले रंग की बाइक प्लैटिना क्रमांक CG 12 BM 7539) खड़ी हुई देखी। बाइक में गैस चूल्हा बनाने के औजार एवं अन्य सामान बंधा हुआ था, वहीं पास में ही सड़क पर पानी की बोतल और एक जोड़ी जूता, मोजा पड़े मिले। जिसके बाद राहगीरों ने इसकी जानकारी मोरगा चौकी पुलिस को दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। जांच के दौरान चोटिया टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर उसी बाइक में एक युवक 26 मार्च को दोपहर अंबिकापुर की ओर जाते हुए दिखा। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
परिजनों के अनुसार 25 मार्च को दीपक राठौर हल्के नीले रंग की शर्ट, काले रंग का जींस पहनकर घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी गुमशुदगी की सूचना 28 मार्च को दीपका थाना में पत्नी रोहिणी राठौर के द्वारा दर्ज कराई गई है। दीपका पुलिस ने यह पुष्टि की है जो बाइक पुल पर मिला है वह दीपक का बाइक है। बाइक में सवार होकर वह मोरगा चौकी क्षेत्र के केंद्ई हसदेव नदी पुराने पुल डुबान की तरफ आया था, जिससे नदी में छलांग लगाने की आंशका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक दीपक राठौर फेरी का काम करता था और घर वालों से किसी बात पर नाराज़ होकर निकला था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
