दीपका में 102 और 108 एम्बुलेंस सुविधा प्रदान कराने के लिए दीपका वार्ड-12 के पार्षद अविनाश यादव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखा पत्र

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  दीपका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-12 डॉ राजेंद्र प्रसाद, के नवनिर्वाचित पार्षद अविनाश यादव अपने क्षेत्र के समस्याओं का समाधान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वार्ड पार्षद बनते ही अविनाश क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू होकर उनका समाधान करने में लगे हुए हैं।

वहीं वार्ड पार्षद अविनाश ने दीपका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 102 और 108 एम्बुलेंस सुविधा प्रदान कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया कि दीपका क्षेत्र जो कि चारों ओर से भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन से घिरा हुआ है, यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दुर्घटना के समय तत्काल चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण घायलों की जान को गंभीर खतरा बना रहता है।

इसके अलावा दीपका के आसपास कई ग्रामीण क्षेत्र स्थित हैं जहां की गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा के दौरान 102 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध न होने से गंभीर संकट का सामना करना पड़ता है। वहीं 108 एम्बुलेंस सेवा की अनुपलब्धता के कारण गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, जिससे जान को खतरा बना रहता है।

इस समस्याओं को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीपका में अलग-अलग 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं की सुविधा जल्द से जल्द प्रदान करने की बात कही गई है ताकि आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

Share This Article