कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां होली के दिन एक कोयला व्यापारी की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हाऊसिंग बोर्ड कालोनी खरमोरा निवासी अनिल यादव होली के दिन अपने दोस्तों के साथ रजगामार गए थे। जिसके बाद प्रेमनगर इलाके में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया था। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या होना पाया गया। होली के दिन अनिल यादव के साथ हुई घटना का वीडियो भी सामने आया है।


यह पूरा मामला घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक 14 मार्च को प्रेमनगर में अनिल यादव की मामूली बात को लेकर अर्पित अग्रवाल और साहिल दास से विवाद हो गया था जिसके बाद दोनों ने मिलकर अनिल के साथ मारपीट की। अधिक मारपीट से अनिल बेहोश हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। दोपहर करीब 3 बजे उन्हें सड़क पर बेहोश पड़े देखा गया। उनकी बाइक पास में खड़ी थी और गमछा कुछ दूर पड़ा था। सड़क पर पड़ा देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

अनिल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या होना पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और जांच पड़ताल शुरू कर दी। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि प्रेमनगर रजगामार निवासी अर्पित अग्रवाल (26 वर्ष) और साहिल दास ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या किया था। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए अर्पित अग्रवाल और साहिल दास को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
