कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर में रहकर ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली एक युवती ने कोरबा में अपने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। युवती ने सुसाइड से पहले वीडियो कॉल पर नाबालिग प्रेमी से बातचीत की थी। घटना वाले दिन दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था, नाबालिग प्रेमी ने युवती से गाली-गलौज कर उसे आत्महत्या के लिए बार-बार प्रेरित कर रहा था। इसके बाद उसने अपनी जान दे दी थी।

जानकारी के अनुसार मृतका राधिका साहू (19 वर्ष) जो कि सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत 15 ब्लॉक क्षेत्र की निवासी थी। युवती के पिता कमलेश साहू पेशे से ड्राइवर हैं। उनकी तीन बेटियां हैं। राधिका उनकी सबसे छोटी बेटी थी। राधिका पढ़ाई छोड़ चुकी थी और बिलासपुर में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। जहां वह किराए के मकान में रहती थी।
बताया जा रहा है कि राधिका 1 अप्रैल मंगलवार को बिलासपुर से कोरबा अपने घर आई थी और अपने कमरे में ही थी। मां को लगा कि बेटी राधिका थकी हुई है और कमरे में आराम कर रही है, लेकिन जब काफी देर तक वो कमरे से बाहर निकली तो मां उसे कमरे में देखने गई। मां ने आवाज लगाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर कमरे को खोलने की कोशिश, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। मां ने खिड़की से झांक कर देखा तो राधिका फांसी के फंदे से झूल रही थी। मां की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे वहीं इसकी जानकारी लगते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं इस घटना सूचना पुलिस को दी गई। सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों ने बताया कि बिलासपुर से आने के बाद से वह बेहद परेशान थी। घर पर किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही थी। वह उदास और चुप चाप रहती थी। वजह पूछने पर भी नहीं बताती थी। राधिका ने सुसाइड से पहले किसी युवक से वीडियो कॉल करके बातचीत की थी। पुलिस उसका मोबाइल जब्त कर जांच पड़ताल कर रही थी। जांच में पता चला कि राधिका और नाबालिग लड़का सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से पिछले एक साल से एक दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
जिसमें प्रेमी ने बताया कि वह युवती से बात नहीं करना चाह रहा था। इसी को लेकर दोनों में विवाद होता था। 1अप्रैल को भी दोनों के बीच वीडियो कॉल पर जमकर विवाद हुआ। प्रेमी ने युवती को जमकर प्रताड़ित किया। इसके बाद भी राधिका अपने प्रेमी को लगातार कॉल कर रही थी कॉल उठाने के बाद दोनों के बीच बात हुई जिसमें प्रेमी ने कहा कि तुम मर जाओ लेकिन मेरे को कॉल मत करो तब आहत होकर युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जहां से बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
