नहर में मिली लाश के मामले में बड़ा खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरमपुर नहर में पिछले माह एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। विवाद के बाद दोनों ने युवक की हत्या कर लाश को नहर में फेंक दिया था।

पूरी घटना 15 मार्च शनिवार की सुबह की है जहां बरमपुर शराब भट्टी के आगे एक अज्ञात व्यक्ति की लाश नहर में मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई थी। शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया था। प्रथम दृष्टया हत्या होना प्रतीत होने पर धारा 103(1) बी.पी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच पड़ताल शुरू की गई। वहीं मृतक की पहचान सुरेन्द्र राय, पिता जगलाल राय, उम्र (35 वर्ष) निवासी ग्राम चन्दन, थाना बौंसी, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई।

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित कर कार्यवाही की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल कोरबा की सहायता से व मुखबिर की सक्रियता से आरोपी जोगेन्द्र सिंह व देवेन्द्र महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुरेन्द्र राय से पहले से जानता था। घटना वाले दिन तीनों ने शराब पी। वहीं किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों ने सुरेन्द्र राय से मारपीट की और नहर में धकेल कर हत्या कर दी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 238, 3(5) बी.पी.एन.एस. के तहत जोड़ा गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी-
1. जोगेन्द्र सिंह, पिता नवकिशोर, उम्र 24 वर्ष, निवासी – जगदीशपुर, थाना चोपन, जिला सोनभद्र (UP)।
2. देवेन्द्र महतो, पिता बैजनाथ महतो, उम्र 48 वर्ष, निवासी – परिहिया, थाना सरैयां, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार)।

Share This Article