इकलौती बेटी के निधन से परिवार में मातम, 12वीं की छात्रा फांसी के फंदे पर लटकती मिली…

RAVI RATHORE
2 Min Read

सिजी एन एन 24 न्यूज़ खैरागढ़ :-

शहर के अमलीपारा इलाके में मंगलवार शाम एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी, जिसके चलते परिवार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे छात्रा ने परिजनों को बताया कि वह किताब लेने बाहर जा रही है। कुछ देर बाद वह घर लौटी और अपने कमरे में चली गई। जब दादा ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर उन्हें छात्रा फंदे से लटकी दिखी। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर उसकी मौत हो चुकी थी। उस समय घर पर केवल दादा-दादी मौजूद थे, अन्य परिजन बाहर थे।

पड़ोसियों के मुताबिक, छात्रा पढ़ाई में होशियार और शांत स्वभाव की थी। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना पूरे अमलीपारा इलाके के लिए एक बड़ा झटका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की साफ तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल, परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर है।

Share This Article