हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़, 6 लोगों की मौत, दर्जनों श्रद्धालु घायल

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

हरिद्वार:  उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह एक भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। हादसा मंदिर परिसर में उस समय हुआ जब भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए एकत्र हुए थे।

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को भयानक भगदड़ में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई जबकि बड़ी संख्या में लोग जख्मी हुए हैं। शुरुआती तौर पर सामने आया है कि सीढ़ियों पर बहुत अधिक भीड़ थी और अचानक वहां कुछ लोगों को करंट लगने की अफवाह फैल गई। करंट का हल्ला सुन लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हादसा उस जगह पर हुआ है जहां से प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर के लिए चढ़ाई शुरू होती है। इसे राम प्रसाद की गली के रूप में जाना जाता है। सावन का महीना होने की वजह से हरिद्वार में हर दिन करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के बाद मनसा देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। कुछ श्रद्धालु रोपवे और बाकी सीढ़ियों के सहारे मंदिर तक पहुंचते हैं।

हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल के अनुसार 9 बजे उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ में कुछ लोग घायल हुए हैं। तत्काल पुलिसकर्मियों ने लोगों के सहयोग से 35 जख्मी को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। बाद में एक और घायल ने दम तोड़ दिया। भगदड़ की वजह को लेकर उन्होंने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह समझ में आया है कि मंदिर मार्ग में करीब 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ हुई। अभी कारणों की जांच की जा रही है।’ बिहार से आए एक घायल श्रद्धालु ने कहा कि अचानक वहां बहुत भीड़ हो गई थी। बहुत से लोग गिर गए। भागदड़ में बहुत से लोगों को नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान, जांच के आदेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया। प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने एक्स पर कहा, ‘हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उत्तराखंड एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।’

Share This Article