भिलाई/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में एक बार फिर स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने शनिवार को जुंवानी स्थित चौहान बिजनेस पार्क की तीसरी मंजिल पर चल रहे लॉरेंज और लीवेलनेस नामक दो स्पा सेंटरों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों और चार ग्राहकों को हिरासत में लिया गया।
एडिशनल एसपी पद्मश्री तंवर के निर्देशन में सीएसपी भारती मरकाम और स्मृतिनगर चौकी पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा था, जिसके इशारे पर दोनों स्पा सेंटरों पर एक साथ छापा मारा गया।
छापे के दौरान दोनों सेंटरों में हड़कंप मच गया। किसी को भी बाहर जाने नहीं दिया गया। जांच में पता चला कि यहां लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित हो रहा था। लॉरेंज स्पा सेंटर से 3 युवतियां, 2 ग्राहक, 1 मैनेजर और 1 वर्कर, लीवेलनेस स्पा सेंटर से 2 युवतियां, 2 ग्राहक, 1 मैनेजर और कुछ महिला कर्मचारी हिरासत में ली गईं। सभी को पूछताछ के लिए स्मृतिनगर चौकी लाया गया। पुलिस ने बताया कि यह इलाका सुपेला थाना क्षेत्र में आता है, जहां पहले भी कई स्पा सेंटरों में इस तरह की गतिविधियां पकड़ी जा चुकी हैं।
एडिशनल एसपी पद्मश्री तंवर ने कहा, पुख्ता सूचना के आधार पर रेड की गई थी। दोनों स्पा सेंटरों में सेक्स रैकेट चलने के प्रमाण मिले हैं। मिली युवतियों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत पीड़िता मानकर सुरक्षित स्थान भेजा जाएगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं और यह रैकेट कितने बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था। दोनों स्पा सेंटरों के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
