नवी मुंबई: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार देर रात इतिहास रच दिया। नवी मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ भारत अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली चौथी टीम बन गई है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए। दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़े, जबकि मध्यक्रम के कुछ विकेट जल्दी गिरने से टीम 300 के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह गई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट (101 रन) की शतकीय पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। भारत की दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए 5 विकेट चटकाए और मुकाबले की प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में भी लोग देर रात तक सड़कों पर उतरे। टीपी नगर, रविशंकर नगर, घंटाघर और विभिन्न बस्तियों में क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे को बधाई दी। होटलों और ढाबों में लोग देर रात तक मैच का आनंद लेते दिखे और जीत के बाद “भारत माता की जय” के नारों से शहर गूंज उठा।
भारत का पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब
महिला वनडे विश्व कप का इतिहास 1973 से शुरू हुआ था, और 52 साल बाद भारत ने पहली बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए बल्कि देश की हर उस लड़की के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखने का साहस रखती है।