गर्भवती महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान हुई मौत, 10 माह पहले हुआ था विवाह

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

गर्भवती महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान हुई मौत, 10 माह पहले हुआ था विवाह

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा करतला क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां विषैले सांप के डसने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बोतली के आश्रित गांव टेंगनमार निवासी 23 वर्षीय राधिका मांझी, पति फिरतुराम मांझी, मंगलवार दोपहर भोजन के बाद घर के आंगन में बने बाथरूम गई थीं। इसी दौरान बाथरूम से लौटते समय विषैले गहुआ सांप ने उनके पैर में तीन बार डस लिया।

सांप के डसते ही महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। मुंह, नाक और कान से झाग निकलने पर परिजन घबरा गए और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी तहसीलदार को दी। मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण तहसीलदार की उपस्थिति में परिजनों के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।

दस माह पहले हुआ था विवाह
मृतका के पति फिरतुराम मांझी ने बताया कि उनकी शादी को अभी मात्र दस माह ही हुए थे। राधिका मूल रूप से दरगा केराकछार की निवासी थी और आठ माह की गर्भवती थी। गर्भावस्था के दौरान उसका नियमित उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास बाड़ी में सांप देखे जाने की बात सामने आ रही थी, लेकिन इस तरह की घटना हो जाएगी, किसी ने नहीं सोचा था।

Share This Article