वेलेंटाइन वीक में डबल सुसाइड: पहले युवती ने लगाई फांसी, फिर प्रेमी भी पेड़ पर झूला, लिव-इन में रह रहे थे दोनों

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

वेलेंटाइन वीक में डबल सुसाइड: पहले युवती ने लगाई फांसी, फिर प्रेमी भी पेड़ पर झूला, लिव-इन में रह रहे थे दोनों

गौरेला-पेंड्रा मरवाही:  जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वेलेंटाइन वीक के दौरान लिव-इन में रह रहे एक कपल ने शादी में देरी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। युवक की उम्र 18 साल थी, जबकि युवती 20 साल की थी। दोनों पिछले तीन महीनों से गांव में अलग घर लेकर साथ रह रहे थे।

जानकारी के मुताबिक पनकोटा गांव में 11 फरवरी की रात अनीता सिंह (20 वर्ष) ने घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब उसके बॉयफ्रेंड कृष्णा सिंह (18 वर्ष) ने उसे फंदे पर लटका देखा, तो उसने पहले उसे नीचे उतारने की कोशिश की। परिजनों ने बताया कि जब युवती की सांसें नहीं चल रही थीं, तब युवक घर से निकल गया और पास के नीलगिरी प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर फांसी लगाकर खुद भी जान दे दी।

शादी के लिए तैयार थे परिवार, लेकिन उम्र बनी बाधा

बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात करीब दो साल पहले एक रिश्तेदार की शादी में हुई थी। फोन नंबर एक्सचेंज करने के बाद बातचीत शुरू हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई।

दोनों के रिश्ते की जानकारी मिलने पर परिवार भी शादी के लिए तैयार हो गया था। यहां तक कि सामूहिक विवाह योजना में आवेदन भी दिया गया था, लेकिन युवक की उम्र 21 साल पूरी नहीं होने के कारण फॉर्म निरस्त हो गया। परिजनों ने दोनों से दो साल इंतजार करने को कहा था, लेकिन युवती कथित तौर पर बदनामी की बात कहकर मानसिक तनाव में थी।

युवक की नानी मानवती ने बताया कि दोनों शादी में देरी से परेशान थे। देर रात युवती ने फांसी लगा ली। युवक ने उसे नीचे उतारा, लेकिन हालत गंभीर देखकर घबरा गया और खुद भी जान दे दी। मृतक युवक के पिता मान सिंह ने कहा कि परिवार ने शादी के लिए हामी भर दी थी, लेकिन कानूनी उम्र पूरी होने तक इंतजार करने को कहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article