कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अस्पताल में खड़ी 108 एम्बुलेंस को ही चुरा लिया और उसे लेकर भागने लगा। हालांकि उसकी यह कोशिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी बाबूलाल मिंजवार (42 वर्ष) जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा हुआ था। वह नशे में था और अपने दोस्त के पास शराब पीने के लिए मड़वारानी जाना चाहता था। उसके पास न तो कोई वाहन था और न ही किराया देने के लिए पैसे।
इसी दौरान उसकी नजर अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में चाबी लगी हुई थी। मौके का फायदा उठाते हुए बाबूलाल ने गाड़ी स्टार्ट की और उसे लेकर निकलने की कोशिश करने लगा।
हालांकि बाबूलाल को गाड़ी चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। उसने जैसे-तैसे एम्बुलेंस चलाना शुरू किया, लेकिन कुछ ही दूर जाने के बाद कैंपस के भीतर ही गाड़ी बंद हो गई। एम्बुलेंस को असामान्य तरीके से चलते देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत वाहन को घेरकर बाबूलाल को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बाबूलाल ने बताया कि वह अपने दोस्त के पास शराब पीने जाने के लिए एम्बुलेंस लेकर जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
