कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के सेमीपाली गांव में गुरुवार दोपहर एक तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। तालाब में नहाने गए बच्चों ने शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय बजरंग कंवर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बच्चे तालाब में छलांग लगाकर नहा रहे थे, तभी एक बच्चा पानी के भीतर किसी चीज से टकराया। दोबारा देखने पर शव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बच्चों ने गांववालों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी वंदना कंवर ने पुलिस को बताया कि वह काम पर गई हुई थीं। घर पर दोनों बच्चे थे, जबकि उनके पति नहाने के लिए तालाब गए थे। बाद में ग्रामीणों से डूबने की जानकारी मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचीं।
पुलिस के अनुसार तालाब किनारे मृतक के कपड़े मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह नहाने के दौरान पानी में डूब गए। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
बजरंग कंवर मजदूरी का काम करते थे। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
