CEIR पोर्टल की मदद से 26 लाख से अधिक कीमत के 150 गुम मोबाइल बरामद, पुलिस ने ट्रेस कर लौटाए

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   आम नागरिकों के खोए हुए मोबाइल वापस दिलाने की दिशा में कोरबा पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 150 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।

बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 26.62 लाख रुपये बताई गई है। इनमें Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और जिले के थाना-चौकी स्टाफ ने संयुक्त रूप से विभिन्न जिलों और राज्यों में ट्रेस किए गए मोबाइलों को बरामद किया। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी तथा साइबर थाना प्रभारी ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए कोरबा पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई नागरिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पिछले पांच महीनों में 300 से अधिक गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। यह अभियान नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

CEIR पोर्टल से ऐसे करें शिकायत

मोबाइल गुम या चोरी होने पर नागरिक CEIR पोर्टल https://www.ceir.gov.in⁠ पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत के लिए मोबाइल की जानकारी, पुलिस शिकायत की प्रति, पहचान पत्र और मोबाइल खरीद का बिल अपलोड करना होता है। इसके बाद पुलिस और टेलीकॉम कंपनियां मोबाइल को ट्रैक करती हैं।

साइबर फ्रॉड होने पर क्या करें?

साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या https://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

“साइबर सुरक्षा की जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है”:  कोरबा पुलिस

Share This Article