कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के गेवरा खदान क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सतर्कता से डीजल चोरी की एक बड़ी कोशिश विफल हो गई। नियमित गश्त के दौरान CISF की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने खदान में खड़े भारी वाहन से डीजल निकाल रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल किया गया पाइप बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:30 बजे CISF गेवरा इकाई की QRT टीम खदान क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक-911 के आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जवानों ने जब मौके की ओर बढ़कर जांच की तो वहां मौजूद कुछ लोग वाहन में सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
हालांकि CISF जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कमल सिंह कंवर (24 वर्ष), निवासी पिंजरी झाबर और ओम प्रकाश (30 वर्ष), निवासी चेतमा पाली रोड के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दोनों डोजर के टैंक से डीजल निकाल रहे थे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से डीजल चोरी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला लंबा पाइप और करीब 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने डीजल चोरी के प्रयास की बात स्वीकार की है।
CISF ने दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौके से फरार हुए अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। उनकी पहचान के लिए खदान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
CISF अधिकारियों का कहना है कि कोयला खदानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर बल पूरी तरह सतर्क है। खदान क्षेत्र में 24 घंटे गश्त, सीसीटीवी निगरानी और औचक जांच की व्यवस्था की गई है। इसी सतर्कता के कारण डीजल चोरी की इस कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
