कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस की वाहन जांच के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यात्रियों से भरी एक बस का चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, वहीं बस की डिक्की से 11 बकरियां अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चालक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पसान पुलिस द्वारा मुख्य मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टेंट्रा से कोरबा की ओर जा रही जय श्री बस सेवा को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने पर चालक शराब के नशे में पाया गया। बस में सफर कर रहे यात्रियों ने भी पुलिस को बताया कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यात्रा के दौरान उन्हें डर महसूस हो रहा था और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद जब पुलिस ने बस की डिक्की की तलाशी ली तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। डिक्की में 11 बकरियों को बेहद खराब और अमानवीय परिस्थितियों में ठूंसकर रखा गया था।
पूछताछ में पता चला कि बस में सफर कर रहा एक व्यक्ति इन बकरियों को अवैध रूप से ले जा रहा था। बकरियों के परिवहन के लिए बस संचालक को अलग से राशि भी दी गई थी। पुलिस ने पशुओं के साथ क्रूरता और अवैध पशु परिवहन से संबंधित प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पसान थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वालों और पशुओं के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है क्योंकि नशे में बस चला रहा चालक किसी भी समय दर्जनों यात्रियों की जान जोखिम में डाल सकता था।
