कोरबा: मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 9 घायल; तीन महिला श्रमिकों की हालत गंभीर

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर कार्बन फैक्ट्री जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन महिला श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे।

जानकारी के अनुसार दरगा गांव के मजदूर रोजाना की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क किनारे पलट गई और एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप के नीचे दबे मजदूर मदद के लिए आवाज लगाने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने मिलकर पलटी हुई पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में दरगा गांव की उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अन्य घायल मजदूरों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है। घायल मजदूर सविता ने बताया कि वे सुबह अन्य श्रमिकों के साथ पिकअप में बैठकर फैक्ट्री जा रही थीं। रास्ते में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए अक्सर पिकअप वाहनों का उपयोग किया जाता है। इन वाहनों में कई बार निर्धारित क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article