कोरबा के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल पावर हाउस रोड पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना सामने आई है। कोसा भवन और एसएस प्लाजा के सामने हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित ने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (क्रमांक CG 12 BD 2380) को रोज की तरह सड़क किनारे पार्क किया था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी भीड़ और लगातार ट्रैफिक रहने के बावजूद चोर ने मौका देखकर कुछ ही मिनटों में बाइक पार कर दी।

घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के लिए आरोपी की पहचान आसान मानी जा रही है।

यह इलाका शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां दिनभर दुकानदारों, ग्राहकों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर दिनदहाड़े चोरी की घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच लोगों ने शहर में नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share This Article