कोरबा के राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; जेल में बनी थी गैंग, चोरी की बाइक और कट्टे से दिया था वारदात को अंजाम, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके थे और वहीं उनकी दोस्ती हुई थी। जेल से छूटने के बाद उन्होंने मिलकर लूट की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से तीन आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था और इनमें से एक महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर व्यापारी की छाती पर तान दिया। आरोपियों ने मिर्च पाउडर डालने की भी कोशिश की और दुकान में रखे आभूषण बैग में भरने लगे। इसी बीच बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी जंगल के रास्तों से भाग रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई इलाकों में लगातार दबिश दी।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गोपाल सिंह गोंड, परदेशी राठिया और विष्णु राठिया की पहचान की गई। पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जबकि तीसरा आरोपी विष्णु राठिया अभी फरार है।

जेल में बनी थी लूट की साजिश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई। इसके लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम किया गया तथा सुनियोजित तरीके से राज ज्वेलर्स में वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 237/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 61(2)(क) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:-

  • गोपाल सिंह गोंड (38), निवासी ग्राम घुचापुर, चौकी कोरबी, जिला कोरबा।
  • परदेशी राठिया (40), निवासी ग्राम जिलगा (बरपाली), जिला कोरबा।

 

 

 

Share This Article