कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ कोरबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत महज दो दिनों में 67 वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में 6 एवं 7 जुलाई को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 6 जुलाई को 6 स्थायी वारंटी और 32 गिरफ्तारी वारंटी, जबकि 7 जुलाई को 5 स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंटी तामील की गई। इस तरह दो दिनों में कुल 11 स्थायी वारंटी और 56 गिरफ्तारी वारंटी, यानी 67 वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद फरार थे। लगातार निगरानी, पतासाजी और योजनाबद्ध कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, न्यायालय के आदेशों का प्रभावी पालन और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
