कोरबा में ONC और सेंट्रल प्वाइंट बार में देर रात छापेमारी, नियम तोड़ने पर दो बार मैनेजरों पर हुई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में देर रात तक नियमों के विपरीत संचालित हो रहे बार के खिलाफ कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाम मॉल स्थित ओएनसी (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में देर रात आकस्मिक छापेमारी की।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय सीमा और आबकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए देर रात तक शराब परोसी जा रही है तथा पार्टियों का आयोजन किया जा रहा है। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान दोनों बारों में निर्धारित समय के बाद भी ग्राहकों को शराब परोसते हुए पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दिवेंदु चक्रवती(33), ‘पॉम मॉल onc मैनेजर’,  प्रताप बहेरा (39) सेंटर पॉइंट मैनेजर को थाना लाकर उनके खिलाफ संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।

पहले भी विवादों में रहा ONC

पुलिस ने बताया कि हाल ही में पाम मॉल स्थित ओएनसी से देर रात निकले एक युवक ने अधिक शराब के नशे में अपनी स्कॉर्पियो को मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रमन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद से बार की गतिविधियां पुलिस की निगरानी में थीं।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कानून और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Share This Article