कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में अवैध शराब के खिलाफ 23 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान पुलिस ने कुल 161 लीटर अवैध शराब जब्त कर कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में लगे लोगों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
