कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा की ओर से 15 जुलाई को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियां शामिल होकर योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी और चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति करेंगी।
रोजगार मेले में एनआईआईटी कोरबा, स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड, आश्रव फाउंडेशन, आश्रव सिक्योरिटी एंड एचआर सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, एसबी इंटरप्राइजेस और श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां हिस्सा लेंगी। कंपनियों द्वारा असिस्टेंट मैनेजर ट्रेनी, फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, असिस्टेंट नर्स, केयर टेकर, हाउसकीपिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और फील्ड सर्विस इंजीनियर समेत कुल 813 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए स्नातक और आईटीआई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। आवेदकों की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से 32,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। सभी रिक्तियां कोरबा जिले के लिए हैं।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी संबंधित रिक्त पद का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। जिन युवाओं का पहले से पंजीयन नहीं है, वे पहले पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेज जैसे सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं प्रतियां, रोजगार पंजीयन की प्रति, पासपोर्ट आकार का फोटो, अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) साथ जरूर लाएं।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के दूरभाष 07759-222069 पर संपर्क किया जा सकता है। भर्ती संबंधी अपडेट रोजगार कार्यालय के टेलीग्राम समूह के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
