कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर आपराधिक मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। वहीं थार वाहन आगजनी मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेने के साथ अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के दौरान दोनों मामलों में वांछित आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया गया।
गुटखा दुकान के सामने हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, 7 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे बुधवारी स्थित एक गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने युवक का रास्ता रोककर उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा ने चाकू से युवक के पेट पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थार आगजनी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
थार वाहन में आगजनी के मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब इस मामले में आशु चुटैल उर्फ घोड़ा की गिरफ्तारी के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जिला बदर की होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।
