बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद कैंपस में सुरक्षा और रैगिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कुछ सीनियर और पूर्व छात्रों ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्र को कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। छात्र ने इनकार किया तो उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पीड़ित छात्र तुषार दुबे, निवासी जांजगीर-चांपा, की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने महेश साहू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
क्लास में पहुंचकर इंट्रोडक्शन लेने का आरोप
कॉलेज प्राचार्य सुषमा तिवारी के मुताबिक, कुछ पुराने छात्र कक्षा के दौरान पहुंचे और वहां छात्रों का इंट्रोडक्शन लेने लगे। शिक्षक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मामला प्रदर्शन तक पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद छात्रों पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
इसी दौरान तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसे घेर लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि घटना में महेश साहू, अखिलेश सहित करीब एक दर्जन युवक शामिल थे।
कैंपस में पूर्व छात्रों की मौजूदगी पर भी सवाल
मामले में एक और अहम बात सामने आई है। छात्रों का आरोप है कि मारपीट करने वालों में कुछ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो कई साल पहले कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। इसके बावजूद उनके कॉलेज परिसर में सक्रिय रहने और छात्रों पर प्रभाव डालने की बात कही जा रही है।
इसको लेकर कॉलेज प्रबंधन ने ऐसे पुराने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया है। प्राचार्य के अनुसार, संबंधित लोगों के कॉलेज में प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही मामले की जानकारी बार काउंसिल को भी भेजी जाएगी।
रैगिंग के एंगल से जांच की मांग
जूनियर छात्रों ने घटना को सिर्फ मारपीट का मामला मानने के बजाय रैगिंग के नजरिए से भी जांच कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि किसी जूनियर को उसकी इच्छा के खिलाफ किसी गतिविधि में शामिल होने के लिए मजबूर करना और इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करना गंभीर विषय है।
छात्रों के बीच इस घटना के बाद डर का माहौल है। उनका कहना है कि सीनियर छात्रों की भूमिका नए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की होनी चाहिए, न कि उन पर दबाव बनाने की।
कॉलेज ने बुलाई तत्काल बैठक
घटना सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल कमेटी की बैठक बुलाई। प्राचार्य ने बताया कि विवाद में शामिल पुराने छात्रों के खिलाफ संस्थागत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले से संबंधित जानकारी बार काउंसिल को भेजने की बात कही गई है।
वहीं, सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि घटना कॉलेज कैंपस की है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
