कोरबा ब्रेकिंग:- घंटाघर मैदान में 100 फीट ऊंचा स्ट्रीट लाइट का खंभा गिरा, हाइड्रा मशीन भी पलटी; चालक बाल-बाल बचा, हादसे के वक्त जिम्मेदार अधिकारी नहीं थे मौजूद, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read



कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के मध्य स्थित घंटाघर मैदान में स्ट्रीट लाइट का करीब 100 फीट ऊंचा खंभा शिफ्ट करने के दौरान अचानक गिर गया। खंभे को उठाने में लगी हाइड्रा मशीन भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा घंटाघर मैदान में स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि तेज आंधी-तूफान के दौरान यह खंभा हिलता था, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए खंभे को हटाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का काम किया जा रहा था।

पहले से लगे स्ट्रीट लाइट खंभे से लाइट को नीचे उतारा गया। इसके बाद हाइड्रा मशीन की मदद से खंभे को दूसरे स्ट्रक्चर पर शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान खंभा अनियंत्रित होकर गिर गया और हाइड्रा मशीन भी पलट गई।

घंटाघर मैदान में आने वाले दिनों में कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर पंडाल तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराया जा रहा था। हादसे के वक्त मैदान में कुछ लोग मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने स्ट्रीट लाइट के खंभे और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद रहते, तो हादसे को टाला जा सकता था। घटना के समय संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे।

नगर निगम द्वारा कराए जा रहे इस कार्य की सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दे दी गई है। पलटी हुई हाइड्रा मशीन को सीधा करने के लिए दूसरी गाड़ी बुलाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे को दोबारा खड़ा करने का काम किया जाएगा।

Share This Article