कटघोरा में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला, सड़क पर मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास अचानक उठीं आग की लपटें, चालक ने वाहन छोड़कर बचाई जान; मौके पर पहुंची पुलिस

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कटघोरा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्य मार्ग पर चल रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास हुई इस घटना में स्कूटी देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई। हालात बिगड़ते देख चालक ने वाहन छोड़ दिया और सुरक्षित दूरी पर चला गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी सड़क से गुजर रही थी, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर आवाजाही कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकल

घटना की जानकारी मिलने पर 112 की टीम, दमकल वाहन और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग से स्कूटी पूरी तरह जल गई। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नंबर प्लेट जली, वाहन मालिक की पहचान में परेशानी

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भेजा गया था। आग में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं हो सकी। इसके चलते वाहन मालिक की पहचान करने में परेशानी आ रही है। बताया गया कि चालक मौके से चला गया था। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना ने इलेक्ट्रिक स्कूटी की सुरक्षा और आग लगने के संभावित कारणों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article