होटल गणेश इन में जन्मदिन की पार्टी के दौरान बवाल, युवकों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

टीपी नगर में पार्टी के दौरान बिगड़ा माहौल, विवाद सड़क तक पहुंचा; पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा करते नजर आए युवक

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के टीपी नगर स्थित होटल गणेश इन में जन्मदिन की पार्टी के दौरान युवकों के बीच हुए कथित विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जन्मदिन के जश्न के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला होटल परिसर से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक होटल में जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान युवकों के एक समूह के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब का सेवन भी किया जा रहा था। विवाद बढ़ने के साथ ही युवकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के सामने भी जारी रहा विवाद

घटना की सूचना के बाद सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वायरल वीडियो को लेकर किए जा रहे दावों के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी के दौरान भी कुछ युवक विवाद करते नजर आए। बताया जा रहा है कि इसके बाद कुछ युवक गाड़ी में बैठकर मौके से निकल गए। फिलहाल, घटना में शामिल युवकों की पहचान और उनके खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई को लेकर पुलिस की भूमिका अहम मानी जा रही है।

होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

होटल में आयोजित निजी समारोह के दौरान इस तरह की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि पार्टी के दौरान विवाद किस वजह से शुरू हुआ और स्थिति को समय रहते नियंत्रित क्यों नहीं किया जा सका। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर चर्चाएं जारी हैं। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article