कोरबा: निर्माणाधीन मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर में निर्माणाधीन मकान से इलेक्ट्रॉनिक और प्लंबिंग सामग्री चोरी करने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी गुलशन वासन के निर्माणाधीन मकान से 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2026 के बीच बिजली वायर, स्विच बोर्ड, लाइट, ट्रैक लाइट, स्ट्रीट लाइट, प्लंबिंग सामग्री सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी का सामान बरामद किया। जांच में चोरी करने के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों की भूमिका भी सामने आई। आरोपी गिरफ्तार

6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में रहीम खान (21), रईस खान (21), साहिम खान (19), मुकेश अग्रवाल (42), दीनदयाल अग्रवाल (59) और नीरज अग्रवाल (47) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरबा के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 823/26 में धारा 137/26, 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

करीब तीन लाख का सामान बरामद

पुलिस की कार्रवाई में चोरी का इलेक्ट्रॉनिक एवं प्लंबिंग सामान बरामद हुआ है। बरामद सामग्री में बिजली के वायर, स्विच बोर्ड, विभिन्न प्रकार की लाइट, ट्रैक लाइट, स्ट्रीट लाइट और प्लंबिंग से संबंधित सामग्री शामिल है।

कोरबा जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई की गई।

Share This Article