दीपका में दिनदहाड़े चाकूबाजी का मामला: वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  दीपका थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार मार्ग पर 2 अक्टूबर को हुई मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. चंटी बाबू और शुभम यादव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को दीपका बाजार के मुख्य मार्ग पर किन्नर समुदाय के कुछ सदस्य लोगों से आशीर्वाद देने के लिए घूम रहे थे। इसी दौरान एक थर्ड जेंडर सदस्य और दीपका निवासी पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।

मामला इतना बढ़ा कि बीच सड़क पर चाकू निकल आया। घटना में पिता-पुत्र के घायल होने की बात सामने आई है। मारपीट का वीडियो किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद विवाद में शामिल दोनों पक्षों की ओर से दीपका थाने में शिकायत दी गई। किन्नर समुदाय के सदस्य की ओर से पिता-पुत्र पर अपशब्द कहने और आपत्तिजनक तरीके से छूने का आरोप लगाया गया। वहीं पिता-पुत्र ने खुद के साथ बेवजह मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस से की।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पंकज सिंह की रिपोर्ट पर दीपका थाने में अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

आरोपियों के बताए स्थान से चाकू बरामद

दीपका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के बताए स्थान पर पहुंचकर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी जब्त किया।

दीपका थाना में पदस्थ एएसआई किशन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

Share This Article