कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोतवाली थाना क्षेत्र की लक्ष्मणबंद तालाब बस्ती में एक 26 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक को परिजन गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान उदय कुमार यादव (26) के रूप में हुई है। बताया गया कि परिजनों ने उसे घर में गंभीर हालत में देखा, जिसके बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उदय रोजी-मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। परिजनों के अनुसार वह सामान्य तौर पर काम पर जाता था और वापस घर लौटता था। परिवार को उसके किसी तरह के तनाव या परेशानी में होने की जानकारी नहीं थी।
घटना की सूचना अस्पताल से पुलिस को दी गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में भी मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी।
पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के पीछे पारिवारिक, आर्थिक या अन्य किसी कारण की भूमिका थी या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
