कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: त्योहारी सीजन के बीच कोरबा में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना कोतवाली पुलिस ने सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती में दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी।
गोदाम में चल रही थी पटाखों की अवैध जमाखोरी
सूचना की पुष्टि के बाद कोतवाली पुलिस टीम ने सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती स्थित आरोपी के मकान के पास बने गोदाम में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में अलग-अलग कंपनियों के पटाखे भंडारित मिले।
पुलिस ने मौके से 18 कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। बरामद पटाखों को पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में पुलिस ने बलराम जज्ञासी पिता रमेश कुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री एवं पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस द्वारा ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
