कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गांव में बढ़ती शराबखोरी से परेशान महिलाओं ने जब मोर्चा संभाला तो अवैध महुआ शराब के कारोबार का बड़ा मामला सामने आया। करतला थाना क्षेत्र के बेहरचुआ गांव में पुलिस और महिला समिति की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खेत-खलिहानों में अलग-अलग जगह छिपाकर रखा 25 से अधिक बोरियों में भरा लहान बरामद किया। पुलिस ने मौके पर ही लहान को नष्ट कर दिया।
इसके साथ ही एक मकान की तलाशी के दौरान महुआ शराब बरामद होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
शराबखोरी से परेशान थीं गांव की महिलाएं
ग्रामीणों के अनुसार बेहरचुआ गांव में लंबे समय से चोरी-छिपे महुआ शराब तैयार किए जाने की शिकायत सामने आ रही थी। शराब के सेवन के कारण गांव में आए दिन विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और घरेलू तनाव की स्थिति बन रही थी। इसका सबसे ज्यादा असर परिवारों और युवाओं पर पड़ रहा था।
लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए गांव की महिला समिति ने जिला प्रशासन तक शिकायत पहुंचाई और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद गांव पहुंची संयुक्त टीम
महिलाओं की शिकायत के बाद बुधवार को करतला थाना पुलिस और महिला समिति ने संयुक्त रूप से बेहरचुआ गांव में दबिश दी। टीम ने गांव के खेतों और खलिहानों की जांच शुरू की तो अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया बड़ी मात्रा में लहान मिला।
पुलिस ने 25 से ज्यादा बोरियों में भरे लहान को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा एक घर की तलाशी में महुआ शराब भी बरामद हुई। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई देखने जुटे ग्रामीण
पुलिस और महिला समिति की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने और उससे जुड़े लोगों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
महिला समिति का कहना है कि गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। महिलाओं ने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन भी नशे के खिलाफ सख्त
जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन स्तर पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने को लेकर चर्चा की गई।
कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस सख्ती के बीच बेहरचुआ में महिला समिति के साथ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को गांव में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है।
