पहले बढ़ी नजदीकियां, फिर शादी से इनकार का आरोप; युवती की शिकायत पर डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

सूरजपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  ऑनलाइन सामान की डिलीवरी के दौरान हुई पहचान कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने युवती से शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज बंजारा के रूप में हुई है। वह सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है।

डिलीवरी के दौरान हुई थी पहचान

बताया गया कि आरोपी की मुलाकात ऑनलाइन सामान मंगाने वाली युवती से डिलीवरी के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हो गया। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं।

युवती का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इस भरोसे के आधार पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

आरोप है कि शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती ने मामले की शिकायत रामानुजगंज थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पंकज बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Share This Article