कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बालकोनगर थाना परिसर में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट कर उसे चोट पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान रानी यादव के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाने में विवाद के दौरान हुई मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। उस समय प्रार्थिया ईश्वरी राज, पति विनोद कुमार मरावी, अपने सहकर्मियों के साथ बालकोनगर थाने में शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक बच्ची को टक्कर मारने के मामले में अजय यादव को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था।
बताया गया कि अजय यादव की मां रानी यादव भी थाने पहुंची और वहां विवाद करते हुए हंगामा करने लगी। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि महिला ने एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में चोट आई। इस दौरान थाना परिसर में शासकीय कार्य भी प्रभावित हुआ।
शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध
मामले में प्रार्थिया की शिकायत पर थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 600/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 132, 121(1) और 221 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को आरोपी रानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल
गिरफ्तारी के बाद महिला को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
