कोरबा: घर से 100 मीटर दूर नर्सरी में मिला 24 वर्षीय युवक का शव, पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के राकसिपारा डगनिया गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय युवक का शव घर से करीब 100 मीटर दूर नर्सरी में मिला। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

मृतक की पहचान जय कुमार पटेल (24 वर्ष), पिता मोहन पटेल, निवासी राकसिपारा डगनिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जय कुमार रविवार शाम घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

सोमवार सुबह करीब 7 बजे कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नर्सरी में पेड़ पर युवक का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मृतक के परिजनों और बांकीमोंगरा पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को नीचे उतरवाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मजदूरी कर परिवार की मदद करता था युवक

परिजनों के अनुसार जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। बताया गया कि वह ज्यादा लोगों से मेलजोल नहीं रखता था और अधिकांश समय घर पर ही रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह काम पर भी नहीं जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक रविवार शाम से लापता था और सोमवार सुबह उसका शव नर्सरी में मिला। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article