कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों और दूरस्थ वनांचलों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न मांगों एवं शिकायतों से संबंधित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वनपट्टा, आवास, राशन और वेतन से जुड़े मामले प्रमुख
जनदर्शन में नागरिकों ने वनपट्टा की जांच, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, लंबित वेतन भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों का भुगतान एवं पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा और आजीविका से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को सभी प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
