कोरबा के पोटिया में कथित गौमांस मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बांगो थाना क्षेत्र के पोटिया गांव में एक घर से कथित गौमांस मिलने के मामले में पुलिस ने विजय रोहिदास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान मांस बरामद कर जब्त किया और उसे जांच के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हलचल बढ़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस, घर की ली तलाशी
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि पोटिया निवासी विजय रोहिदास के घर में गौमांस रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर बांगो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान घर से संदिग्ध मांस बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने एक घायल गाय को मारकर उसका मांस और हड्डियां घर में रखी थीं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए भेजा है, ताकि उसकी पुष्टि की जा सके।

मामले की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर गौ सेवकों के साथ बजरंग दल और हिंदू क्रांति सेना के सदस्य भी पहुंचे। ग्रामीणों और संगठनों से जुड़े लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पशु संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल के अनुसार मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज कर विजय रोहिदास को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मांस की जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में जब्त मांस की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही बरामद सामग्री की प्रकृति और मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Share This Article