कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आए दिन यहां लोग तेज रफ्तार के कारण कई बड़े हादसे का शिकार हो रहे हैं। ऐसे ही हादसे का एक और मामला सामने आया है। यहां वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे एक बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना कटघोरा थाना अंतर्गत सुतर्रा नाला के पास घटी है। मोहनपुर गांव के आंछीदादर मोहल्ला निवासी नरेश राठौर (26 वर्ष) कटघोरा के परिधान गारमेंट्स में काम करता था। शनिवार की रात 1 बजे करीब काम करने के बाद सुतर्रा में अपने दोस्त के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से गया था। देर रात वह वापस अपने घर लौट रहा था। इस दौरान सुतर्रा नर्सरी नाला के पास एक तेज रफ्तार वाहन के चालक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक नाले में जा गिरी और नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के राहगीरों ने तत्काल इस घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस को दी । मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायल नरेश को कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।
