कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। प्रेमिका से धोखा मिलने पर उसने यह कदम उठा लिया। युवक और युवती ने चोरी चुपके शादी भी कर ली थी। युवक के सुसाइड करने का लाइव वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक के परिजनों ने लड़की और उसके परिवार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला पाली थाना क्षेत्र के परसदा गांव का है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ स्थित मौहारी निवासी शिवम जायसवाल (27वर्ष) कुछ साल पहले रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ आया था। जहां कोरबा के परसदा में अपने मामा के यहां रहने लगा। यहां रह कर अपने मामा का व्यवसाय देख रहा था। युवक के परिजनों ने बताया कि परसदा गांव के ही किसी जायसवाल की लड़की के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और वे एक-दूसरे से मिलने लगे, दोनों पिछले डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे।
दोनों के परिवार को इसकी जानकारी भी थी। शिवम ने अपने परिजन से शादी करने की बात भी कही थी। लेकिन उन्होंने अभी घर में बड़े भाई-बहन होने का हवाला दिया। परिजनों का कहना है कि अपनी प्रेमिका को लेकर शिवम कुछ समय से परेशान रहता था। 5 सितंबर को उसने दोस्तों के साथ रस्सी खरीदी और घर आकर फांसी का फंदा बनाया और दोस्तों को फोटो भेजा था। इन सब हरकतों को देख उसका एक दोस्त घर आया और समझाइश देकर साथ में सो गया। इसी रात में शिवम ने फांसी लगा ली।
शिवम के परिजनों का आरोप है कि उसकी प्रेमिका के परिवार वाले शिवम को दूर रहने की धमकी देते थे, जिससे वो परेशान था। बाद में लड़की ने भी प्यार में धोखा दिया और बात करना बंद कर दिया, वो किसी और से बात करने लगी। जबकि दोनों ने कहीं शादी भी कर ली थी। मांग में सिंदूर भरी एक तस्वीर भी परिजनों को मिली है। परिजनों का आरोप है कि लड़की और परिवार ने शिवम को आत्महत्या के लिए उकसाया। यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने मानसिक रूप से प्रताड़ित कर मजबूर किया, इसलिए उसने फांसी लगाई है। युवक के परिजनों ने लड़की वालों के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
