नहीं थम रही चाकूबाजी की घटना: दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने किया चाकू से हमला
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में चाकूबाजी की घटनाएं नहीं थम रही है। चुचुहियापारा ब्रिज के नीचे युवक पर कई बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। वहीं मदद के लिए आए बड़े भाई पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक तखतपुर क्षेत्र के ग्राम लिमही के निवासी विकास कार्लेकर रोजी मजदूरी करते हैं। सोमवार को वे अपने जीजा के दशगात्र में शामिल होने के लिए अपने बड़े भाई उदय के साथ चुचुहियापारा आए थे। रात में भोजन के बाद वे करीब 10 बजे वे पान खाने के लिए चुचुहियापारा ओवरब्रिज के नीचे स्थित दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान एक अनजान युवक उनका गमछा खींचते हुए किनारे ले जाने लगा। इसका विरोध करने पर युवक ने साथियों के साथ मिलकर विकास की पिटाई शुरू कर दी।
इस बीच उस पर चाकू से भी हमला किया गया। चाकू के हमले से घायल विकास ने किसी तरह मोबाइल पर घटना की जानकारी अपने बड़े भाई उदय को दी। भाई से मारपीट की सूचना पर उदय भी वहां पहुंच गया। युवकों ने उदय से भी मारपीट की। इसके बाद उन्हें लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने घटना की शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
