दल से बिछड़े हाथी की करंट लगने से मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: रायगढ़ जिले में करंट की चपेट में आकर एक हाथी की मौत हो गई है। घटना के बाद से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना धरमजयगढ़ वनमंडल की है। मंगलवार रात धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के क्रोंधा के जंगल से निकलकर गौतमी दल का एक हाथी खेतों में पहुंच गया। इस दौरान ग्रामीण ने फसल सुरक्षा के लिए खेत में करंट प्रवाहित तार लगाया था। उसी करंट तार की चपेट में हाथी आ गया। वहीं सुबह ग्रामीणों ने जब मृत हाथी को देखा तब मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में करंट से मौत होना पाया जा गया है। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रात में 18 हाथियों का दल पास के खड़गांव परिसर में विचरण कर रहा था। उसी दल से निकलकर यह हाथी क्रोंधा बीट में आ पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। अब गौतमी दल के 17 हाथी विचरण कर रहे हैं।
धरमजयगढ़ वन मंडल में 68 हाथियों के दल की मौजूदगी है। इसमें छाल रेंज में हाथी कुड़ेकेला, गलिमार, बोजिया, पुरूंगा, औरानारा, बंगरसुता, खड़गांव, छाल और लोटान में हाथी विचरण कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य रेंज के जंगल में भी हाथियों की मौजूदगी है।
