नेशनल हाईवे-63 पर भीषण सड़क हादसा, कार में फंसे दो युवक जिंदा जले, खौफनाक मंजर देख दहल जाएगा दिल

3 Min Read

जगदलपुर/बीजापुर:   जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर गुरुवार 11 सितंबर की रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कोडेनार थाना क्षेत्र के किलेपाल के पास कार और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। कार में सवार दो युवक बाहर नहीं निकल पाए और देखते ही देखते लपटों में घिरकर जिंदा जल गए।

मृतकों की पहचान

हादसे में जिन युवकों की मौत हुई है, उनकी पहचान मानिक गाइन और संतोष मानिकपुरी के रूप में हुई है। दोनों गीदम के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मानिक गाइन कार मैकेनिक था जबकि संतोष मानिकपुरी ड्राइवर का काम करता था। दोनों अपनी वेन्यू कार से कोडेनार के पास एक ढाबे में खाना खाने जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो और कार जैसे ही आमने-सामने टकराए, अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार में आग लग गई। दोनों युवक सीट बेल्ट और टक्कर की वजह से कार के अंदर ही फंसे रह गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। कुछ ही मिनटों में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मानिक गाइन
संतोष मानिकपुरी

बोलेरो सवार घायल
इस हादसे में बोलेरो भी आग की चपेट में आ गई। गाड़ी में सवार दो युवकों को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जगदलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक युवक का नाम अनिकेत कश्यप बताया जा रहा है, जबकि दूसरे की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। जगदलपुर ASP महेश्वर नाग ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

वीडियो आया सामने
इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार के अंदर फंसे दोनों युवक तड़पते हुए दिख रहे हैं। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

Share This Article