कटघोरा/कसनिायाः कटघोरा के कसनिया में बुधवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों दुर्गेश पांडेय, हर्ष सिंह और आशीष जांगड़े को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद कटघोरा उपजेल भेज दिया गया है। वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी शक्ति सिंह अब भी फरार है।
पुलिस पूछताछ में उत्तर प्रदेश निवासी शूटर दुर्गेश पांडेय ने खुलासा किया कि उसे फायरिंग के लिए 10 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। शुरुआती योजना के मुताबिक, तौसीफ मेमन के पैर में गोली मारनी थी, लेकिन बाद में उनके घर पर ही गोली चला दी गई। वारदात के बाद भागने की फिराक में था दुर्गेश, लेकिन सतर्क लोगों ने पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे और एक बाइक (सीजी 12-एम 3082) बरामद की है। आरोपी की निशानदेही पर एक देशी कट्टा भी जब्त किया गया, जिसे स्कूल के पास झाड़ियों में छिपाया गया था।

पुलिस के अनुसार यह मामला पुराने विवाद और एक चर्चित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, लेकिन असली वजह का खुलासा मुख्य आरोपी शक्ति सिंह की गिरफ्तारी के बाद ही संभव होगा।
घटना के बाद तौसीफ मेमन और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। फिलहाल, एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में मामले की जांच जारी है।
