ननकीराम कंवर धरना देने रायपुर हुए रवाना, कलेक्टर पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बोले- जब तक कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/रायपुर:   पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री निवास रायपुर के सामने धरने पर बैठने के लिए शुक्रवार को ट्रेन से रायपुर रवाना हो गए। इस दौरान उनके सैकड़ों समर्थक भी दर्जनों चारपहिया वाहनों से राजधानी की ओर रवाना हुए। बताया गया है कि 4 अक्टूबर से धरना प्रदर्शन की शुरुआत होगी।

कलेक्टर के खिलाफ 14 बिंदुओं में आरोप

पूर्व गृह मंत्री कंवर ने कोरबा कलेक्टर पर कुल 14 बिंदुओं में भ्रष्टाचार और जनहित की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी की कार्यशैली से क्षेत्र में शासन की छवि धूमिल हो रही है और विकास कार्यों में बाधा आ रही है।

ननकीराम कंवर का यह आंदोलन खास इसलिए है क्योंकि वे अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते दिख रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि कई बार शिकायतें और पत्र देने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी नाराजगी जाहिर की कि उनके पत्र के बाद पार्टी या सरकार के किसी प्रतिनिधि ने संपर्क तक नहीं किया।

पूर्व मंत्री ने दावा किया कि रायपुर में धरना स्थल पर हजारों समर्थक जुट सकते हैं। उन्होंने इसे किसी पद या स्वार्थ से नहीं, बल्कि जनहित और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा आंदोलन बताया।

Share This Article