सड़क हादसे में उजड़ा परिवारः डेढ़ साल की बच्ची और मां की हुई मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

सड़क हादसे में उजड़ा परिवारः डेढ़ साल की बच्ची और मां की हुई मौत

दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला और उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास हुआ, जब मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार विकास साहू (30 वर्ष) अपनी पत्नी (25वर्ष) और डेढ़ साल की बेटी के साथ किसी निजी कार्य से स्कूटी पर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वे विद्यालय के पास पहुँचे, तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर को देखकर विकास ने अचानक स्कूटी की ब्रेक लगाई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पीछे बैठी पत्नी और बच्ची सड़क पर गिर पड़ीं और पीछे से आ रही ट्रॉली (सीजी 07 एन 4992) के पिछले पहियों की चपेट में आ गईं।

प्रत्यक्षदर्शी चुम्मन देशमुख के मुताबिक ट्रैक्टर (सीजी 07 डी 3977) मिट्टी से भरा हुआ था और विद्यालय के पास से गुजर रहा था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। साथ ही ट्रैक्टर के मालिक की जानकारी भी निकाली जा रही है। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share This Article