RKM पावर प्लांट में भीषण हादसा, 40 मीटर ऊंचाई से नीचे गिरी लिफ्ट, 3 मजदूरों की मौत, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो…..
सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित RKM पावर प्लांट (डभरा) में मंगलवार देर शाम एक भयावह औद्योगिक हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को लेकर जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गई, जिससे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को शाम करीब 5 बजे, पावर प्लांट की निर्माणाधीन साइट पर 10 मजदूर एक साथ लिफ्ट में सवार होकर 75 मीटर की ऊंचाई पर जा रहे थे। लेकिन जब लिफ्ट 40 मीटर तक पहुंची, तभी उसका केबल अचानक टूट गया। संतुलन बिगड़ते ही लिफ्ट ज़मीन पर आ गिरी, जिससे मजदूरों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे में अंजनी कुमार, मिश्रीलालर, विंद्र कुमार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में घायल 7 मजदूरों को तुरंत रायगढ़ के फोर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में बबलू प्रसाद गुप्ता, राम सिंह, विजय सिंह, संजय कुमार, राम केश, रतन (आईसीयू में, स्थिति गंभीर), बलराम (आईसीयू में, स्थिति गंभीर) नाम शामिल है।
हादसे के बाद पावर प्लांट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती जांच में यह संकेत मिल रहे हैं कि लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी, जिससे यह दुखद घटना हुई।
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, मजदूर संगठनों ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवज़ा देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच पड़ताल की जा रही है।
